अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की संदिग्ध मौत के बाद ईरान ने अपने कट्टर दुश्मनों की लिस्ट छापी है. ईरान ने इस लिस्ट के जरिए अपने दुश्मनों के नाम का ऐलान किया है. और घोषणा की है कि हिट लिस्ट के नेता आईआरजीसी के टारगेट पर हैं.
हैरानी की बात ये है कि इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू, और ट्रंप के अलावा इस लिस्ट में इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर को भी शामिल किया गया है. हाल ही में ईरान ने इटली पर आरोप लगाया था कि युद्ध के दौरान उन्होंने अमेरिका को तकनीकी मदद पहुंचाई थी.
ईरान की ओर से कहा गया है कि वे अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत का बदला लेने के लिए तैयार हैं और हिटलिस्ट में शामिल किसी को भी नहीं छोड़ेंगे.
हिटलिस्ट सामने आने के बाद अमेरिका-ईरान में जंग और तेज हो गई है. अमेरिका ने अपने लड़ाकू विमान एफ 22 राप्टर से ईरान में कई जगहों पर एयरस्ट्राइक करके भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है.
ईरान के टारगेट पर 11 बड़े नेता
ईरान के एक सरकारी अखबार ने अपने फ्रंट पेज पर दुनिया के 11 सबसे बड़े और ताकतवर नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों की एक टारगेट लिस्ट छापकर सनसनी फैला दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तो हमेशा से ईरान के हिट लिस्ट में रहे हैं लेकिन इस बार यूरोप के शीर्ष नेताओं की तस्वीरों को कैदी की पोशाक में दिखाया है. और अल्टीमेटम दिया गया है.
नेतन्याहू को दुश्मन नंबर एक बताते हुए ट्रंप के साथ-साथ ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी शामिल हैं. इसके अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को भी हिट लिस्ट में बताया गया है.
इस लिस्ट के सामने आने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट हैं.
दरअसल ये लिस्ट अमेरिका के सीनेटर लिंडसे ग्राहम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आई है. यूक्रेन के दौरे से लौटने के बाद लिंडसे ग्राहम की अचानक मौत हो गई. लिंडसे ग्राहम को ट्रंप का करीबी माना जाता था और अयातुल्ला खामेनेई के जनाजे के दौरान लिंडसे ग्राहम के खिलाफ पोस्टर लगाए गए थे. ग्राहम ने खामेनेई के मौत पर खुशी जाहिर की थी और ईरान पर हमले को सही ठहराया था.
ग्राहम की मौत के बाद ईरान में खुशी मनाई गई है, वहीं नई हिटलिस्ट जारी करके दुनिया में हड़कंप मचा दिया है.
बदला लेना जरूरी है: मोजतबा खामेनेई
ईरान ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया कि जंग के दौरान इन नेताओं ने अमेरिका की निंदा नहीं की और अमेरिकी सैन्य विमानों को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की इजाजत देकर हमलों में शामिल रहे.
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई जो दुनिया के लिए मिस्ट्री बने हुए हैं, उन्होंने अपने एक संदेश में कहा था कि ईरान ने अपने दुश्मनों की हिटलिस्ट बनाई है. हालांकि उस वक्त नाम नहीं बताए गए थे.
मोजतबा ने धमकी धी थी कि बदला लेना जरूरी है. बदला लेना हमारे देश की इच्छा है. इसे हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए. ये अपराधी जिनके नाम लिस्ट में हैं, अपने बिस्तर पर शांति से मरने की इच्छा के साथ ही कब्र में ले जाएंगे .
आपको बता दें कि अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर टूट चुका है और दोनों देशों में जबर्दस्त सैन्य तनाव है. ऐसे में दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष शुरु हो चुका है. अमेरिका ने एयरस्ट्राइक की है तो ईरान ने खाड़ी देशों पर हमले करके अमेरिका को तगड़ा जवाब दिया है.

