एक डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से सबूतों के साथ जब दुनिया के सामने ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना का साहस सामने आया तो पाकिस्तान बौखला गया है. ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के आगे आह-आह कर रहे पाकिस्तान को मिर्ची लग गई है.
पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर ने लंबा बयान जारी कर भारत पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है. पाकिस्तान ने डॉक्यूमेंट्री को खारिज कर दिया है. इस्लामाबाद ने नई दिल्ली पर सैन्य अभियान का ‘तथ्यात्मक रूप से गलत’ विवरण पेश करने का आरोप लगाया है.
पाकिस्तान की ओर से ये प्रतिक्रिया दो-भाग वाली डॉक्यूमेंट्री ‘डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर’ के 15 अगस्त को प्रीमियर होने के बाद आई है.
इस डॉक्यूमेंट्री में भारत के सैन्य नेतृत्व, ऑपरेशन से जुड़े जवानों, रक्षा विशेषज्ञों और पत्रकारों का इंटरव्यू किया गया है. इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए 88 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के पर्दे के पीछे की कहानी को सबूतों के साथ पेश किया गया है.
ऑपरेशन सिंदूर की डॉक्यूमेंट्री ने खोली पाकिस्तान की पोल
‘डिक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर डॉक्यूमेंट्री ने पाकिस्तान के फेक नेरेटिव की पोल खोल दी है. डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी के दौरान भारत ने शुरुआत में 34 संभावित टारगेट की पहचान की थी. इसके बाद इनमें से जैश और लश्कर के मुरीदके और बहावलपुर जैसे 9 ठिकानों को एक्शन के लिए चिह्नित किया गया था. डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि 7 मई 2025 को रात 1:05 बजे हमले शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक सेना में भी इस ऑपरेशन के सटीक समय की जानकारी सीमित लोगों को ही थी.
डॉक्यूमेंट्री में एनएसए अजीत डोवल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी के इंटरव्यू शामिल किए गए हैं. साथ ही डीजीएमओ राजीव घई ने भी एक-एक कड़ी को विस्तारपूर्वक बताया है. राजीव घई के आगे ही पाकिस्तान के डीजीएमओ ने ऑपरेशन रोकने की गुहार लगाई थी.
दिल्ली पर हमले की योजना बनाई, पाकिस्तान के नापाक मंसूबे हुए ध्वस्त
डॉक्यूमेंट्री में दावा किया गया है कि संघर्ष के 71वें घंटे में पाकिस्तान ने बौखलाहट में आकर भारत की राजधानी नई दिल्ली को निशाना बनाने की कोशिश की थी. पाकिस्तान ने भारत की ओर एक बेहद खतरनाक और हाई-स्पीड मिसाइल दागी थी, ताकि पाकिस्तान तबाही मचाकर इस ऑपरेशन में बढ़त हासिल करने की कोशिश करे. लेकिन पाकिस्तान का ये दुस्साहस भारतीय वायु सेना और मिसाइल डिफेंस सिस्टम के आगे नाकाम साबित हुआ.
जैसे ही यह मिसाइल भारतीय सीमा में घुसी, हरियाणा के सिरसा के पास तैनात भारत के अत्याधुनिक बराक-8 सरफेस-टू-एयर मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने तुरंत एक्टिव होकर पाकिस्तान मिसाइल को गिरा दिया.
इस मिसाइल हमले के नाकाम होने के तुरंत बाद भारत बेहद आक्रामक हो गया और रणनीति के तहत एक के बाद एक पाकिस्तान के ठिकानों को नुकसान पहुंचाता चला गया. बाद में पाकिस्तान को गिड़गिड़ाना पड़ा.
बौखलाया पाकिस्तान, डॉक्यूमेंट्री पर खड़े किए सवाल
प्रीमियर के बाद पाकिस्तान के फर्जी दावों की पोल खुल चुकी है. जिसके बाद पाकिस्तान ने एक लंबा बयान जारी करके डॉक्यूमेंट्री में किए गए दावों को गलत बताया है.
आईएसपीआर ने ‘मरका-ए-हक’ का जिक्र किया और दावा किया कि पाकिस्तान ने भारतीय हमलों का जवाब दिया था. बयान में पाकिस्तान ने आठ भारतीय सैन्य विमानों को मार गिराने के अपने दावे को दोहराया.
पाकिस्तान का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री विश्वसनीय नहीं है. फिल्म और कल्पना मात्र है.

