आतंकियों पर हमले को खुद पर हमला मानता है पाकिस्तान. पहले की सरकारों ने कभी भी पाकिस्तान को करारा जवाब नहीं दिया, लेकिन धर्म पूछकर पर्यटकों को मारने वालों को भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया. बीएसएफ के कार्यक्रम में पहुंचे अमित शाह ने सेना के साथ-साथ बीएसएफ की तारीफ की और पाकिस्तान को चेतावनी दी कि सशक्त भारत की ओर आंख दिखाने वालों का बुरा हश्र होता है.
आतंकियों पर अटैक को पाकिस्तान खुद पर हमला मानता है:अमित शाह
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के साथ-साथ बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स यानी बीएसएफ का काम सराहनीय रहा है. बीएसएफ के कार्यक्रम में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, “हमें लगता था कि हमने आतंकियों पर हमला किया है, लेकिन पाकिस्तान ने साबित कर दिया कि वह आतंकवाद को प्रायोजित करता है. पाकिस्तान, आतंकियों पर हमले को खुद पर हमला मानता है. जब पाकिस्तानी सेना ने हमारे नागरिक ठिकानों और हमारे सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने की कोशिश की, तो भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया. उनके एयरबेस पर हमला करके अपनी मारक क्षमता का परिचय दिया. आज पाकिस्तान की पोल खुल गई है कि भारत में आतंकवाद पाकिस्तान प्रायोजित है. जब हमने पाकिस्तान में आतंकवादी स्थलों पर हमला किया तो पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की, पाकिस्तानी सेना के अधिकारी आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए.”
हमारी सेना ने गोली का जवाब गोले से दिया, हमें गर्व है: अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ”हमारा ऑपरेशन सटीक था, उसकी और हमारी सेना की प्रशंसा पूरे विश्व में हो रही है. हमारी सेना ने 100 किलोमीटर अंदर घुसकर पाकिस्तान की जमीन पर पराक्रम दिखाया है. इस पर हमें नाज है. जब युद्ध घोषित नहीं हुआ था तब हमारे बीएसएफ ने उनकी गोली का जबाव गोले से दिया था और एक इंच भी पीछे नहीं हटे थे. बीएसएफ ने बता दिया कि जब तक वे हैं पाक एक इंच भी जमीन नहीं ले सकते हैं.”
पहली बार हमने सर्जिकल स्ट्राइक करके दिखाया था पराक्रम: अमित शाह
अमित शाह ने कहा, हमने पहली बार उरी आतंकी हमले का जवाब पाकिस्तान में घुस कर दिया था. उरी से ज्यादा कठोर जवाब अंदर घुस कर बालाकोट में दिया था. ऑपरेशन सिंदूर में भी हमने मजबूत जवाब दिया. कई दशकों से भारत, पाक प्रेरित आतंकवाद का सामना कर रहा है. दशकों तक पाकिस्तान ने कई घटनाएं की लेकिन उचित जवाब नहीं दिया गया. साल 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनें. बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार बनी. उरी में आतंकवादी हमला हुआ और हम ने आतंकवादियों के ठिकाने में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर के पहली बार उचित जवाब दिया. पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने बेकसूर लोगों को उनके परिवारों के सामने उनका धर्म पूछकर मार दिया गया. ऑपरेशन सिंदूर उस हमले का जवाब है और आज दुनिया ने भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता की प्रशंसा की है.”
पाकिस्तान की करीबी सीमा पर पहुंचे पीएम ने कविता के माध्यम से भरी ललकार
अमित शाह से पहले 22 मई को पीेएम नरेंद्र मोदी ने बीकानेर पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ हुंकार भरी थी. पीएम मोदी ने कविता के माध्यम से कहा था,
“जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है.
जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है.
जो सोचते थे भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं.
जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, उनके हथियार मलबे में पड़े मिले.”

Leave feedback about this