ओडिशा के पारादीप पोर्ट से चीन जा रहे जहाज को ढूंढने के लिए इंडियन कोस्टगार्ड के साथ अब नौसेना भी सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है. भारतीय नौसेना के टोही विमान, पी8आई को डूबे हुए जहाज एमवी ओसियन विनर की लोकेशन विशाखापट्टनम से 700 नॉटिकल मील दूर अंडमान निकोबार के करीब मिली है.
शनिवार की सुबह 11.48 बजे, बल्क करियर (जहाज) एमवी ओसियन विनर का संपर्क टूट गया था. उसी दौरान, जहाज से जुड़ी कंपनी विक्ट्री स्टार ग्रुप ने एक डिस्ट्रेस कॉल की थी.
पनामा के फ्लैग वाला जहाज एमवी ओसियन विनर की आखिरी लोकेशन अंडमान के ईस्ट आईलैंड लाइट से 317 डिग्री पर 310 नॉटिकल मील थी. बाद में ओसियन विनर जहाज की लाइफराफ्ट से दो क्रू-मेंबर्स को एक कमर्शियल जहाज ने रेस्क्यू कर लिया था. ये कॉमर्शियल जहाज (एमटी एआईएसओपीओएस), ओसियन विनर के करीब था. लेकिन बाकी क्रू और जहाज को कोई अता-पता नहीं चल पाया है.
सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर जताया खेद
शनिवार को भारतीय तटरक्षक बल ने अपने तीन जहाज आईसीजीएस वरद, आईसीजीएस अनमोल और आईसीजीएस विजित को ओसियन विनर की तलाश में तैनात किया था. भारतीय नौसेना के टोही विमान पी8आई भी आसमान से डूबे हुए जहाज का मलबा पता करने में जुटे हैं. पोर्ट्स एंड शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर खेद जताया है.
सोनोवाल के मुताबिक, ओसियन विनर पर लोहा लदा था, जो पारादीप से चीन जा रहा था. ओपन सोर्स मरीन ट्रैफिक वेबसाइट के मुताबिक, ओसियन विनर का गंतव्य सिंगापुर था. ऐसे में माना जा रहा है कि सिंगापुर से आगे इस जहाज को चीन जाना था.
कुल 24 क्रू-मेंबर्स में 20 चीनी मूल के नागरिक थे
जानकारी के मुताबिक, जहाज पर कुल 24 क्रू-मेंबर्स थे. इनमें से 20 चीनी मूल के नागरिक थे, 03 म्यांमार के थे और एक बांग्लादेशी था. अभी ये साफ नहीं है कि लाइफराफ्ट से जिन दो क्रू-मेंबर्स को सुरक्षित बचाया गया है, वे कहां के नागरिक हैं. सर्बानंद सोनवाल के मुताबिक, बचाए गए नाविकों की पहचान के बारे में पता करने की कोशिश जारी है. साथ में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी संबंधित एजेंसियों को लगाया गया है.
लाइफराइट से बची 02 नाविकों की जान
लाइफराइट एक विशेष तरह के ड्रम होते हैं जो बड़े जहाज पर रहते हैं ताकि किसी भी दुर्घटना या फिर जहाज के डूबने के वक्त इस्तेमाल किए जा सकते हैं. जहाज पर सवार नाविक इन लाइफराइट से लंबे समय तक समंदर में तैरते रहते हैं. ऐसे में लोगों की जान बच जाती है. लेकिन एमवी ओसियन विनर के बाकी 22 क्रू-सदस्यों का कोई अता पता नहीं है. जहाज के डूबने के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है.
