Breaking News Middle East War

West Bank में इजरायली बस पर हमला, 03 की मौत 06 घायल

इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक बस पर हुए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. इजरायली बस पर हुए अटैक से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भड़क गए हैं.

इजरायली पीएम ने कहा है कि हमारे नागरिकों पर किए गए हमले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा. सवाल ये है कि इजरायली नागरिकों पर हमला किया किसने है. आतंकी संगठन हमास ने हमले से पल्ला झाड़ लिया है लेकिन ये जरूर कहा है कि “जिसने भी किया ठीक किया है.”

बस पर की अंधाधुंध फायरिंग

गोलियों की आवाज से गूंज उठा है वेस्ट बैंक का इलाका. इजरायली लोगों को ले जा रही बस पर अटैक किया गया है. हमला फिलिस्तीनी गांव अल फुंदुक में हुआ है. गोलीबारी करके आरोपी फरार हो गए. इजरायली चिकित्सा सेवा मैगन डेविड एडोम (एमडीए) ने कहा, “सोमवार को हुए हमले में कम से कम छह अन्य लोग घायल हुए हैं.” (https://x.com/MarioNawfal/status/1876204375128817673)

वेस्ट बैंक पर इजरायल का कब्जा है. इजरायल ने साल 1967 के युद्ध में वेस्ट बैंक पर कब्जा कर लिया था. वेस्ट बैंक में इजरायली सेना की निगरानी में करीब 30 लाख फिलस्तीनी रहते हैं, पांच लाख से अधिक इजरायली भी रहते हैं. सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद से वेस्ट बैंक में हिंसा बढ़ गई है. 

किसी को नहीं बख्शेंगे: नेतन्याहू

वेस्ट बैंक में इजरायली लोगों की मौत से पीएम बेंजामिन नेतन्याहू आगबबूला हो गए हैं. नेतन्याहू ने कहा है कि हमले के जिम्मेदार लोगों को नहीं बख्शा जाएगा. वहीं आरोपियों की तलाश की जा रही है. 

इस बीच फायरिंग की घटना पर हमास ने भी प्रतिक्रिया दी है. हमास ने कहा है कि जिसने भी इजरायली लोगों को टारगेट किया है, उसने सही किया है.

इजरायल ने फिलिस्तीनी लेफ्टिनेंट को आतंकी बताते हुए मारा

सोमवार को हुई घटना से पहले शनिवार को इजरायली सेना की कार्रवाई में वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी सुरक्षा बल का एक सदस्य मारा गया था. इजरायली सेना ने इस सदस्य पर आतंकवादी होने का आरोप लगाया था. फिलिस्तीन ने मारे गए शख्स को अपने सुरक्षाबल में लेफ्टिनेंट बताया है, पर इजरायली सेना ने कहा है कि मारा गया शख्स वांटेंड टेररिस्ट था. उसके घर से बंदूक, हथियार और 26000 अमेरिकी डॉलर नकद मिले हैं.

पिछले 3 दिनों में गाजा पर इजरायली हवाई हमला बढ़ा

गाजा में पिछले तीन दिनों से जारी इजरायल के हवाई हमले में कम से कम 184 लोग मारे गए हैं. हमास की मीडिया विंग के मुताबिक, इजरायली सेना ने पिछले 72 घंटों में गाजा पट्टी पर 94 हवाई हमले किए, जिसमें 184 लोगों की मौत हुई है. इजरायल अपने बंधकों को छुड़ाना चाह रहा है तो हमास ने आरोप लगाया है कि इजरायली सैन्य कार्रवाई में बंधक भी मारे जा रहे हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.