Breaking News Reports

बद्रीनाथ में भजन Clubbing, विवादों में सेना और प्रशासन

बद्रीनाथ धाम में भजन-क्लबिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. भारतीय सेना की गढ़वाल स्काउट को नोटिस जारी करने के बाद अब स्थानीय चमोली प्रशासन भी सवालों के घेरे में है. क्योंकि कार्यक्रम से पल्ला झाड़ने वाले चमोली जिले के डीएम का लेटर भी सामने आए हैं, जिसमें उत्तराखंड प्रशासन भी इस कार्यक्रम के साझा आयोजनकर्ता के तौर पर दिखाई पड़ रहा है.

खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की थी. 

19-20 सितंबर को गढ़वाल स्काउट और चमोली जिला प्रशासन ने बद्रीनाथ धाम के आखिरी गांव माना में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल आयोजित किया था. इसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ना था.

केंद्र सरकार की ‘वाइब्रेंट-विलेज’ स्कीम के तहत इस कार्यक्रम को संपन्न किया गया था. इस दौरान, भजन-क्लबिंग (भजन और धार्मिक गानों का लाइव कॉन्सर्ट) को भी फेस्टिवल का हिस्सा बनाया गया था. ऐसे में बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में तेज म्यूजिक में भजन-कीर्तन किया गया था. इसे लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी. 

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने भी आपत्ति दर्ज जताते हुए बताया था कि बद्रीनाथ धाम में शंख बजाना भी वर्जित है, फिर भी ऐसे म्यूजिक कार्यक्रम को क्यों आयोजित किया गया.

विवाद बढ़ते देख, चमोली जिले के डीएम गौरव कुमार ने कार्यक्रम से स्थानीय प्रशासन को अलग करते हुए गढ़वाल स्काउट के सीओ (कमांडिंग ऑफिसर) कर्नल शांतनु को कारण बताओं नोटिस जारी कर दिया था. 

डीएम गौरव कुमार के मुताबिक, सेना द्वारा आयोजित इस फेस्टिवल में जिला प्रशासन ने राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर अपने स्टॉल लगाए थे. कार्यक्रम के आयोजन और उससे जुड़े फंड में जिला प्रशासन की कोई भूमिका नहीं थी. 

सेना को नोटिस जारी करने के बाद हालांकि, जिला प्रशासन से जुड़े कुछ ऐसे दस्तावेज और पत्र सामने आए हैं, जिनमें साफ है कि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अपने मातहत अधिकारियों को फेस्टिवल के आयोजन को सफल बनाने के दिशा-निर्देश दिए थे. 

8 सितंबर को डीएम ने चमोली के जिला विकास अधिकारी (सीडीओ) को देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के लिए बद्रीनाथ टूरिस्ट प्लाजा का नोडल ऑफिसर बनाने का आदेश जारी किया था. अगले दिन यानी 9 सितंबर को जिलाधिकारी ऑफिस से चमोली के एसपी और दूसरे अधिकारियों को महोत्सव को सफल बनाने के लिए लेटर लिखा गया. इस पत्र में गढ़वाल स्काउट के सीओ को भी शामिल किया गया था.  

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.