निडर..प्रबल…अजेय और रणशौर्य का आगाज यानी आईएनएस महेंद्रगिरी. भारतीय नौसेना का सबसे नया युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरी बनकर तैयार है. शनिवार को विशाखापट्टनम स्थित नौसेना की पूर्वी कमान के मुख्यालय में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आईएनएस महेंद्रगिरी पूर्वी जंगी बेड़े का हिस्सा बनेगा.
आईएनएस महेंद्रगिरि (एफ-38), प्रोजेक्ट 17 ए का छठा स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट है, जिसे भारतीय नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो (डब्लूडीबी) ने मुंबई स्थित मझगांव डॉकयार्ड लिमिटेड (एमडीएल) के साथ मिलकर तैयार किया है.
नौसेना के मुताबिक, विशाखापट्टनम में आयोजित कमीशनिंग समारोह, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की दिशा में भारत की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक होगा.
महेंद्रगिरि, देश के अग्रिम पंक्ति के स्टील्थ फ्रिगेट्स के नवीनतम विकास का प्रतिनिधित्व करता है. उन्नत स्टील्थ सुविधाओं, बढ़ी हुई उत्तरजीविता, कम रडार सिग्नेचर और उच्च स्तर के स्वचालन से युक्त यह युद्धपोत मेरीटाइम युद्ध के सभी आयामों में समुद्री अभियानों के पूर्ण स्पेक्ट्रम को अंजाम देने के लिए डिजाइन किया गया है. (https://www.instagram.com/reel/DanLHgWSrKS/?igsh=OWo3ZGt0bTZ5d3Nw)
75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामाग्री से निर्मित
नौसेना के मुताबिक, 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ, यह जहाज भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल की सफलता को दर्शाता है और भारतीय जहाज निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती क्षमता को उजागर करता है. जहाज के निर्माण में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) सहित बड़ी संख्या में भारतीय उद्योग शामिल रहे हैं, जिससे देश के रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूती मिली है और महत्वपूर्ण रोजगार का सृजन हुआ है.
महेंद्रगिरि स्वदेशी और अत्याधुनिक हथियारों, सेंसरों और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के उन्नत समूह से सुसज्जित है, जो इसे वायु-रोधी, सतह-रोधी और पनडुब्बी-रोधी अभियानों को प्रभावी ढंग से अंजाम देने में सक्षम बनाता है. यह जहाज समुद्री सुरक्षा अभियानों, खोज और बचाव मिशनों, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) और हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) और उससे आगे तैनाती करने में भी सक्षम है.
पूर्वी घाट के राजसी महेंद्रगिरी पर्वत के नाम पर रखा युद्धपोत का नाम
पूर्वी घाट में स्थित राजसी महेंद्रगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर नामित यह जहाज शक्ति, लचीलापन और अटूट संकल्प का प्रतीक है. इस नाम को धारण करने वाला पहला भारतीय नौसैनिक युद्धपोत होने के नाते, महेंद्रगिरि उस विरासत को आगे बढ़ाता है जो परिचालन उत्कृष्टता और राष्ट्रीय सेवा के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. यह जहाज एक मिशन प्राइम्ड युद्ध मंच के रूप में बेड़े में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
महेंद्रगिरि का शामिल होना भारतीय नौसेना की युद्धक क्षमता को और मजबूत करता है और स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में भारत के अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभरने को रेखांकित करता है. जैसे-जैसे भारत, आईओआर में पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में और सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत में एक प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में अपनी भूमिका बढ़ाना जारी रखता है, महेंद्रगिरि व्यावसायिकता, दृढ़ता और संकल्प के साथ देश के समुद्री हितों की रक्षा के लिए तैयार है.
महेंद्रगिरी का आर्दश-वाक्य है शक्तिशाली भव्य अतुल्य
अपने आदर्श वाक्य ‘शक्तिशाली–भव्य–अतुल्य’ से निर्देशित, महेंद्रगिरि राष्ट्र की विशिष्ट सेवा करने और भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है.
कॉम्बेट रेडी है महेंद्रगिरी: राजनाथ
विशाखापट्टनम रवाना होने से पहले राजनाथ सिंह ने भी अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि “भारत के समुद्री हितों की रक्षा करने और सुरक्षित इंडो-पैसिफिक के लिए हमारे संकल्प को मजबूत करने के मकसद के लिए महेंद्रगिरि कॉम्बेट रेडी है.”

