रूस-यूक्रेन जंग अब आसमान से सीधे स्पेस में पहुंचने जा रही है. यूक्रेन ने अमेरिका से रूस की प्राइवेट सैटेलाइट ‘रासवेट’ को “ब्लॉक” करने की गुहार लगाई है. ऐसे में रूस ने अमेरिका की स्टारलिंक सैटेलाइट को मार गिराने की खुली चेतावनी दे डाली है.
कुछ दिन पहले, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में स्टारलिंक के डाटा सेंटर को मिसाइल अटैक से तबाह कर दिया था. ऐसे में जेलेंस्की ने अमेरिका से रासटेव को ब्लॉक करने का आग्रह किया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका से रासवेट को इसलिए ब्लॉक करने का आग्रह किया है ताकि रूस, सैटेलाइट कम्युनिकेशन के जरिए मिसाइल, ड्रोन और लंबी दूरी के दूसरे हथियारों के सटीक हमलें ना कर पाए.
रविवार को रूस के शहीद ड्रोन ने यूक्रेन की राजधानी कीव के बीचों बीच एक बड़े ब्रिज (पुल) पर जोरदार हमला किया. हमले के दौरान, इस पुल पर कई गाड़ियां गुजर रही थीं. ड्रोन अटैक का वीडियो भी सामने आया है. हमले के बाद पुल के बीचो-बीच एक बड़ा गड्ढा बन गया.
जेलेंस्की ने अमेरिका से लगाई रूस के रासवेट सैटेलाइट को ब्लॉक करने की गुहार
इसी साल मार्च के महीने में रूस की प्राइवेट कंपनी, ‘ब्यूरो-1440’ ने लो-अर्थ ऑर्बिट में मूव करने वाले 16 रासवेट सैटेलाइट लॉन्च किए थे. इन उपग्रहों के जरिए, रूस ने अमेरिका (एलन मस्क) के स्टारलिंक का विकल्प ढूंढने की कोशिश की है. क्योंकि स्टारलिंक ने यूक्रेन के खिलाफ रूसी सेना को सैटेलाइट कम्युनिकेशन देने से इंकार कर दिया था. माना जा रहा है कि अगले वर्ष (2027) तक रासवेट करीब 900 स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है.
रासवेट के जरिए, रूस अपने लंबी दूरी के कॉम्बैट ड्रोन की निर्भरता ग्राउंड कम्युनिकेशन प्रणाली पर खत्म करने की तैयारी कर रहा है. यही वजह है कि जेलेंस्की ने अमेरिका से रासवेट कंपनी को मिलने वाली मदद ब्लॉक करने की गुजारिश की है.
रासवेट बनाने वाली कंपनी ब्यूरो-1440 के उच्च अधिकारियों पर अमेरिका पहले ही प्रतिबंधित श्रेणी में डाल चुका है. यूक्रेन का आरोप है कि कंपनी को चीन से मदद मिल रही है. ऐसे में चीन से मिलने वाली मदद भी बंद की जाए. इसे लेकर रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्य दिमित्री मेदवेदेव ने स्पेस वॉर की धमकी दे डाली है.
मेदवेदेव ने जेलेंस्की को बताया मूर्ख, स्टारलिंक को सूखे क्रिसमस ट्री की तरह गिराने की धमकी
मेदवेदेव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “उस कीव के मूर्ख (जेलेंस्की) के कहने पर रूसी उपग्रह समूह रासवेट को ‘ब्लॉक’ करने का मतलब सिर्फ उसका विनाश है — और इससे पूर्ण पैमाने पर स्पेस वॉर छिड़ जाएगा.”
मेदवेदेव ने कहा कि अमेरिका ने ऐसा किया तो स्टारलिंक सैटेलाइट्स को गिरा दिया जाएगा. क्योंकि इनके जरिए यूक्रेन, रूस पर हमला करता है. मेदवेदेव ने लिखा कि “उनके (अमेरिका के) लो-ऑर्बिट ‘स्टारलिंक’ उपग्रह सूखे क्रिसमस ट्री जैसे खिलौनों की तरह नीचे गिरेंगे.”


Leave feedback about this